नगर के शिक्षित व प्रशिक्षित बेरोजगारों ने दून विवि के कुलसचिव को ज्ञापन भेजकर स्टूडियो टेक्नीशियन के पद के लिए निर्धारित अनिवार्य योग्यता पर आपत्ति जताई है। दून विवि के कुलसचिव को भेजे ज्ञापन में बेरोजगारों ने कहा कि 30 जून को गैर-शिक्षण पद स्टूडियो टेक्नीशियन के लिए जारी विज्ञप्ति में न्यूनतम योग्यता जनसंचार विषय में स्नातक रखी गई है। इस कारण अधिकतर स्नातकोत्तर बेरोजगार अभ्यर्थियों को इससे वंचित होना पड़ रहा है जबकि राज्य के अधिकतर विश्वविद्यालयों में पूर्व में स्नातकोत्तर स्तर पर ही जनसंचार का पाठ्यक्रम उपलब्ध था। ऐसे में विज्ञापित पद के लिए अनिवार्य योग्यता स्नातक की डिग्री रखा जाना स्नातकोत्तर बेरोजगारों के साथ अन्याय है। बेरोजगारों ने कुलसचिव से उक्त पद के लिए योग्यता में संशोधन कर स्नातकोत्तर धारकों को भी शामिल किए जाने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में अरुण रौथाण, अंकित घिल्डियाल, सत्या प्रसाद मैठाणी, धनवीर सिंह, सुमीत डोभाल, बबीता, शुभम गैरोला, ऐश्वर्य तोमर, पंकज मैंदुली, मनोज उनियाल आदि शामिल थे।