ब्लॉक पाबौ की ग्राम पंचायत सिमतोली में बरातघर के निर्माण में वित्तीय अनियमितता व खराब गुणवत्ता सामने आई है। जांच में बरातघर का निर्माण कार्य बिना स्टीमेट व एमबी (मेजरमेंट बुक/नापजोख खाता) के पाया गया। बरातघर को बिना बुनियाद के ही 12 कॉलमों में खड़ा कर दिया, जिससे भवन की छत ही झुक गई। इस पर डीपीआरओ ने वर्तमान प्रधान, पूर्व प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी को नोटिस भेजा और 1 महीने में 8 लाख की धनराशि जमा करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सिमतोली में राज्यवित्त व 14वें वित्त से कुल 12 लाख की लागत से बरातघर बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य में 8 लाख की धनराशि खर्च हो चुकी है, लेकिन निर्माण के दौरान ही बरातघर की छत झुक गई। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी पौड़ी एमएम खान ने मामले की जांच की। डीपीआरओ खान ने बताया कि जांच में निर्माण कार्य बिना स्टीमेट व एमबी के मिला, जबकि पंचायत में बिना स्टीमेट व एमबी के कोई भी निर्माण नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में 8 लाख की वित्तीय अनियमितता व खराब गुणवत्ता को लेकर पूर्व प्रधान, वर्तमान प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी को नोटिस जारी किया गया है। एक महीने में धनराशि जमा नहीं करने पर उक्त तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।