खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया औचक निरीक्षण
श्रीनगर। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर उफल्डा से एसएसबी गेट तक होटल, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने पर 10 प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार कैंतुरा के नेतृत्व में गठित टीम ने यात्रा मार्ग पर संचालित प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 10 दुकानों और प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची चस्पा नहीं की गई थी। सभी संचालकों को तत्काल मूल्य सूची चस्पा करने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा एक्सपायरी तिथि की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग भी मिला। इस पर एक प्रतिष्ठान से सिलिंडर जब्त कर लिया गया जबकि दूसरे प्रतिष्ठान का 2300 रुपये का चालान किया गया। पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार कैंतुरा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में दोबारा अनियमितता पाई जाती है तो उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निरीक्षण टीम में मनवर सिंह, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।