सुगम सफर के लिए तैयारियां की जा रहीं तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। बरसात के मौसम को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) खंड लोनिवि श्रीनगर ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग तक हाईवे को दुरुस्त करने, मलबे को हटाने, किनारों की झाड़ियों की कटाई और बंद नालों की सफाई का काम युद्धस्तर पर जारी है।
एनएच डिवीजन के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि मानसून से निपटने और सड़क को गड्ढा मुक्त व पैचलेस बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं ताकि बारिश के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों को जलभराव तथा भूस्खलन जैसी समस्याओं से बचाया जा सके। राजमार्ग पर किसी भी बाधा से तुरंत निपटने के लिए ऋषिकेश से रुद्रप्रयाग तक हर 30 किलोमीटर की दूरी पर एक विशेष टीम तैनात की गई है। प्रत्येक टीम में जूनियर इंजीनियर, सुपरवाइजर और मजदूरों सहित लगभग 15 लोग शामिल हैं जो अपने क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं साथ ही पूरी सड़क पर मलबा हटाने के लिए टीमों के साथ लगभग 27 भारी मशीनें लगाई गई हैं। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट किया कि इन पुख्ता तैयारियों और नालों की विशेष सफाई का मुख्य उद्देश्य बरसात के समय हाईवे पर होने वाले जलभराव को रोकना है, जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों और आम जनता को सुरक्षित व सुगम सफर का अनुभव मिल सके।