पौड़ी। तहसील पौड़ी के असवालस्यूं पट्टी स्थित डुंक गांव में ग्रामीण की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। हत्या का आरोपी सामने आ गया है। उसने मृतक के भाई पर एक ग्रामीण के साथ मिलकर हत्या का आरोप लगाया है। कहा कि उसने किसी ही हत्या नहीं की है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
शनिवार को तहसील पौड़ी के असवालस्यूं पट्टी स्थित डुंक गांव में ग्रामीण की हत्या का आरोपी अरविंद सिंह सामने आया। उसने कहा कि गांव में चार सितंबर की रात को गांव के पंचायत घर में किसी ग्रामीण के सेवानिवृत्ति पर पार्टी का आयोजन किया गया था। आयोजन की जिम्मेदारी सेवानिवृत्त ग्रामीण ने उसे दी थी। रात साढ़े आठ बजे मृतक मेहरबान सिंह का भाई तीरथ सिंह व उसके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद तीरथ, मृतक व एक ग्रामीण उसके साथ मारपीट करने लगे। उसकी पत्नी व निवर्तमान ग्राम प्रधान उसे घर ले गए। बताया कि मारपीट में उसके सिर पर चोटें आई थीं। रात में ही सतपुली से उपचार कराया गया, लेकिन सुबह गांव में मेहरबान की हत्या का मामला सामने आया। आरोपी ने कहा कि उसने किसी की हत्या नहीं की है। मृतक मेहरबान की हत्या उसके भाई तीरथ सिंह ने एक ग्रामीण के साथ मिलकर की है। कहा कि राजस्व पुलिस तहरीर देने के लिए समय ही नहीं दे रही है। आरोपी ने कहा कि हत्या को गांव में ही रफा-दफा किया जा रहा था, लेकिन हत्या की सच्चाई सामने लाने को लेकर राजस्व पुलिस मांग कर रही थी।