श्रीनगर। नगर पंचायत कीर्तिनगर में पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। पेयजल निगम देवप्रयाग ने जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जाइका) के तहत करीब 43 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना की डीपीआर भेजी है। योजना को इसी वित्तीय वर्ष में स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत के परिसीमन के बाद जाखणी, मोहन नगर और नई बस्ती सहित अन्य तोकों के शामिल होने से आबादी बढ़ी है लेकिन पेयजल व्यवस्था का विस्तार नहीं हुआ। गर्मियों में पानी की कमी और बरसात में स्रोत का चैंबर व पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से कई दिनों तक आपूर्ति बाधित रहती है। ऐसे में लोगों को प्राकृतिक जलस्रोतों, हैंडपंपों और टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है। वहीं पेयजल निगम देवप्रयाग के अधिशासी अभियंता अजय गुरुंग ने बताया कि योजना की डीपीआर शासन स्तर पर अंतिम चरण में है। स्वीकृति मिलने के बाद निविदा जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद