गढ़वाल विवि के लोक संस्कृति निष्पादन केंद्र के प्रेक्षागृह में आयोजित नरेंद्र संगीत कार्यक्रम म
देशभर से 80 से अधिक प्रतिभागी करेंगे प्रतिभाग
ऐसे आयोजन लोक संस्कृति को बढ़ाने में सहायक : नेगीदा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र की ओर से लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के योगदान को समर्पित ‘नरेंद्र संगीत सप्ताह’ का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में देशभर से 80 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रविष्टियां भेजी हैं जो मंच पर अपने गायन की प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की लोक-सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने में नरेंद्र सिंह नेगी का योगदान अतुलनीय है और नई पीढ़ी उनके गीत-संगीत से प्रेरणा ले रही है। इस दौरान लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को मंच प्रदान करते हैं और लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने अपने प्रसिद्ध गीत ठंडो रे ठंडो... की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। केंद्र के संस्थापक डॉ. डीआर पुरोहित ने इसे नई सांस्कृतिक परंपरा की शुरुआत बताया। कार्यक्रम के पहले दिन हेमलता बिष्ट, अम्बिका किमोठी, डॉ. सर्वेश सुयाल, सूमा रावत, लव मैठाणी, अंकित भट्ट, शकुंतला नेगी और प्राची कंडवाल सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय पाण्डेय और गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया। इस मौके पर बिपिन बलूनी, कुलसचिव प्रो. वाईएस रैवानी, डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसाईं, डीन प्रो. मोहन सिंह पंवार सहित संस्कृतिकर्मी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।