श्रीनगर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने वीरवार श्रीनगर से जिस आरोपी आफाक अहमद वानी को गिरफ्तार किया था वह बारामुला सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की एक शाखा का प्रबंधक था। वह हंदवाड़ा के मराटगाम गांव का रहने वाला था। वानी को शुक्रवार दोपहर जम्मू में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां उसे आरोपी को पूछताछ के लिए 12 दिन के लिए एनआईए को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि हंदवाड़ा नार्को टेरर मामले में उसकी भी भूमिका रही है।
एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है वानी पूरे रैकेट का मुखिया है और यह लोग नियंत्रण रेखा के माध्यम से भारी मात्रा में नशीली दवाओं और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे और उससे मिले पैसे का इस्तेमाल लश्कर की आतंकी गतिविधियों के वित्त पोषण के लिए करते थे।
-हंदवाड़ा में पकड़ी थी 1.34 करोड़ नकदी, 21 किलो हेरोइन
हंदवाड़ा पुलिस ने एक सूचना के आधार पर लश्कर-ए-ताइबा के नार्को टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश कर 1.34 करोड़ की नकदी और 21 किलो हेरोइन बरामद की थी। तीन ओजीडब्ल्यू को भी गिरफ्तार किया था। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 100 करोड़ बताई गई थी। गृह मंत्रालय ने इस मामले को एनआईए को सौंप दिया था। इसके बाद एनआईए ने नया मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जो जारी है।
---------
घाटी के सभी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को दे रहे हैं पूरी सुरक्षा: आईजी
श्रीनगर। हम घाटी के सभी राजनेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी सुरक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। उन्हें किसी तरह से डरने की जरूरत नहीं है। यह बात कश्मीर संभाग के आईजीपी विजय कुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं के साथ बातचीत के दौरान कही।
आईजी ने कहा कि हम सभी राजनेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हैं कि वह सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से जारी की गई एसओपी का पालन करें तथा कहीं भी जाने से पहले पुलिस को अपने कार्यक्रम की सूचना अवश्य दें।
दुर्घटनावश चली गोली से जवान घायल
श्रीनगर। एक सीआरपीएफ जवान दुर्घटनावश अपनी सर्विस राइफल से चली गोली से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।