तैयार हो रही नियमावली, जल्द शुरू होगा एबीसी सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नगर निगम क्षेत्र में पालतू कुत्तों की मनमानी और लावारिस कुत्तों की दहशत पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। निगम प्रशासन जल्द ही कुत्तों के पंजीकरण और रखरखाव की नई नियमावली लागू करने जा रहा है। इसके साथ ही शहर में कुत्तों की नसबंदी और उन्हें रखने के लिए विशेष केंद्र भी खोले जा रहे हैं।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी ने बताया कि शहर में बढ़ती कुत्तों की संख्या और आए दिन हो रही घटनाओं को देखते हुए बायलॉज तैयार किए जा रहे हैं इसे पूरे निगम क्षेत्र में प्रभावी किया जाएगा। इस माह के अंत में शहर में एबीसी सेंटर (एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर) शुरू किया जाएगा। यहां वैज्ञानिक तरीके से कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा ताकि उनकी संख्या नियंत्रित हो सके। इसके अलावा, आक्रामक या बीमार कुत्तों को आम लोगों से दूर रखने के लिए एक डॉग पोंड भी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि शहर में लोगों को पालतू कुत्ते का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। साथ ही रेबीज का टीकाकरण और नसबंदी कराना भी जरूरी शर्तों में शामिल होगा। नियम लागू होने के बाद यदि कोई पालतू कुत्ता किसी को काटता है या सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मालिक की होगी और उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।