पौड़ी। विकास खंड कल्जीखाल के ब्लाॅक स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन जीआईसी कल्जीखाल में किया गया। इस दौरान चल, अचल, प्रोजेक्ट व क्वीज प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को सम्मानित भी किया गया।
कारगिल शहीद धर्म सिंह जीआईसी कल्जीखाल में आयोजित ब्लॉक स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह महोत्सव छात्रों को सामाजिक विज्ञान, उसके वृहत दायरे व दैनिक जीवन में आधार को लेकर रुचि बढ़ाने में अहम साबित हुआ है। छात्रों की महोत्सव में प्रतिभागिता उत्साहित करने वाली है। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख अनिल कुमार व कनिष्ठ प्रमुख कल्जीखाल विक्रम सिंह पटवाल ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। महोत्सव में चल मॉडल में जीआईसी कल्जीखाल के कक्षा दस की छात्रा दृष्टि पटवाल, अचल मॉडल में राआउप्रावि कल्जीखाल के कक्षा आठ के छात्र आदर्श, प्रोजेक्ट में राआउप्रावि कल्जीखाल के कक्षा आठ के छात्र अनंत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में राउमावि ढौंडखाल के विवेक और ध्रुव विजेता बने। ब्लॉक समन्वयक शिखा नेगी ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में डाॅ. शोभा रावत, डाॅ. निधि, मुकेश प्रसाद बहुगुणा, वीरेंद्र सिंह, मो. कादिर, श्रवण रावत, विकास कुमार निर्णायक रहे। महोत्सव संयोजक प्रधानाचार्य अनीता बलूनी रही। संचालन अशीष नेगी ने किया। इस अवसर पर विक्रम सिंह पटवाल आदि मौजूद रहे।