श्रीनगर। रुद्रप्रयाग जनपद की रानीगढ़ पट्टी के कोट मल्ला गांव निवासी भरत सिंह पर हाल ही में हुए भालू के हमले के बाद उनका इलाज बेस अस्पताल में चल रहा है। बुधवार को रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी अस्पताल पहुंचे और घायल भरत का हालचाल जाना। उन्होंने उपचार में जुटी मेडिकल टीम की सराहना की। डाॅक्टरों ने बताया कि भरत धीरे-धीरे रिकवर हो रहे हैं।
विधायक चौधरी ने कहा कि भरत सिंह ने हमेशा साहस का परिचय दिया है। कहा कुछ साल पहले भरत ने गुलदार से भिड़कर घास लेने गई महिलाओं की जान बचाई थी। हाल ही में भालू के हमले में घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं खोई और किसी तरह अपनी जान बचाई। हमले में भरत की एड़ी की हड्डी टूट गई थी और गहरे घाव आए थे, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। विधायक भरत चौधरी ने बताया कि डॉक्टरों से लगातार संपर्क बनाकर भरत को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आर्थो विभाग के एचओडी डॉ. दयाकृष्ण के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम भरत के इलाज में निरंतर जुटी हुई है। विधायक के अस्पताल पहुंचने पर मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत भी मौजूद रहे।