पौड़ी। यमकेश्वर क्षेत्र के मोहनचट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आधुनिक सुविधाओं से लैस आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर विकसित किया गया है। चिकित्सालय परिसर को पहाड़ी वास्तुशैली में नया स्वरूप देने के साथ हाईटेक योग हॉल व पंचकर्म कक्षों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 71.61 लाख से निर्मित वेलनेस सेंटर का विधायक रेनू बिष्ट ने उद्घाटन किया।
डीएम स्वाति एस भदौरिया ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए सेंटर को स्थापित करने की योजना तैयार की थी। डीएम ने ग्रामसभा जोगियाणा में जिला योजना से 71.61 लाख रुपये स्वीकृत किए थे।
डीएम ने बताया कि पंचकर्म व आयुर्वेदिक उपचारों के तहत सेंटर में अभ्यंग, स्वेदन, शिरोधारा के साथ मर्म थेरेपी, अग्निकर्म और कपिंग थेरेपी जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। संवाद