गढ़वाल विवि के बिड़ला और चौरास परिसर की समस्याओं को लेकर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने कुलसचिव को समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। साथ ही सीपीडब्ल्यूडी की ओर से परिसर में करवाए गए भवन निर्माण के कार्यों की जांच की मांग की। चेतावनी दी कि अगर मांगों पर गढ़वाल विवि की ओर से शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
शुक्रवार को मांगों को लेकर छात्रसंघ सचिव प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में छात्रों के एक प्रतिनिधि मंडल ने गढ़वाल विवि के कुलसचिव से वार्ता की। छात्रों ने बीए/बीएससी/बीकॉम ऑनर्स शुरू करने, वाईफाई/ई-लर्निंग, दोनों परिसरों में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं, परिसरों में एलईडी बोर्ड, कक्षाओं में कॉलर माइक, समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करने, दोनों परिसरों के मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी केमरे लगाए जाने, विवि परिसर में डा. भीम राव अंबेडकर की प्रतिभा स्थापित करने व छात्रों का शुल्क माफ करने आदि की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व विवि प्रतिनिधि शुभमदीप गोस्वामी, सम्राट राणा, आशीष रावत व सूरज नेगी आदि शामिल थे। संवाद