गढ़वाल विवि में डीएसडब्ल्यू को ज्ञापन सौंपते आइसा छात्र संगठन के कार्यकर्ता
श्रीनगर। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आइसा छात्र संगठन ने गढ़वाल विवि के डीएसडब्ल्यू प्रो. महावीर नेगी को ज्ञापन दिया। बिड़ला परिसर श्रीनगर के छात्रसंघ उपाध्यक्ष रॉबिन सिंह असवाल ने प्रो. नेगी को बताया कि नया शिक्षासत्र शुरू हुए लंबा समय हो गया है लेकिन कुछ कक्षाएं और प्रयोगात्मक कक्षाएं अभी तक सुचारु रूप से नहीं चल रही हैं। कहा कि जो छात्र पूर्व से ही विवि में अध्ययनरत हैं, वे नए सत्र का प्रवेश शुल्क एवं फॉर्म नहीं भर पाए हैं, जिस कारण से उनका पहचानपत्र एवं पुस्तकालय पहचानपत्र नहीं बन पाया है। असवाल ने कहा कि नई शिक्षा नीति को लेकर कई छात्र-छात्राएं संशय में हैं, जिससे छात्र पढ़ाई सही तरीके से नहीं कर पा रहे हैं। डीएसडब्ल्यू ने छात्रों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान आइसा छात्र संगठन के प्रतिनिधिमंडल में प्रियंका खत्री, समरवीर रावत, आशुतोष नेगी और राजीव आदि मौजूद रहे। संवाद