जम्मू। प्रदेश के दोनों संभागों की राजधानी जम्मू और श्रीनगर में एक-एक लाख स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाएंगे। यह काम जुलाई माह से शुरू हो रहा है। यह बात बिजली विभाग के प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा पर आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कहा कि जेडीपीसीएल और केपीडीसीएल के लिए विशेष आर्थिक पैकेज से लाभ पहुंचाया जा रहा है। पैकेज एएनए के तहत 90 हजार करोड़ है। इससे वित्तीय संकट और डिस्ट्रीब्यूटर कंपनियों की देनदारी पर खर्च किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में बिजली बिल का नुकसान 48 प्रतिशत तक हो रहा है। इसमें मीटर न होना भी एक कारण है। 21 लाख उपभोक्ताओं में से 50 प्रतिशत उपभोक्ताओं के पास ही मीटर सुविधा है। अनमीटर्ड उपभोक्ताओं को निश्चित फ्लैट दर के आधार पर बिल दिया जा रहा है। इससे बिजली आय में प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पैकेज से लंबित वित्तीय समस्याओं को हल करने में मदद मिलेगी।