जम्मू। प्रदेश में केंद्र प्रायोजित योजनाओं को तेजी से लागू किया जाए। बिजली ढांचे को मजबूत किया जाए। इससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। यह बात उपराज्यपाल के सलाहकार बसीर अहमद खान ने बिजली ढांचे के परिदृश्य और केंद्र योजनाओं को लागू करने के लिए हुई समीक्षा बैठक में कही।
मौजूदा समय में प्रदेश में इंटेग्रेटेड पावर डेवलपमेंट प्रोग्राम, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री विकास योजना और अन्य योजनाएं चल रही हैं। योजनाओं की प्रगति और लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए सलाहकार ने बिजली ढांचे को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का काम तय समय पर पूरा किया जाए। काम में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। काम में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए अधिकारी नियमित बैठकें करें। बुनियादी ढांचे की स्थिति पर चर्चा करते हुए इंजीनियरों से क्षेत्र में सभी खराब हो चुके खंभों, ट्रांसफार्मर और कंडक्टरों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। काम के लिए धन की उपलब्धता पर भी बल दिया गया।
सलाहकार ने निर्देश दिया कि कोरोना पॉजिटिव रोगियों के लिए नए स्थापित क्वारंटीन केंद्रों में चौबीसो घंटे बिजली की आपूर्ति हो। इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। रमजान के पवित्र महीने में सेहरी और इफ्तार के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को भी कहा। ट्रांसफार्मरों की खराबी पर रजिस्टर भी मेनटेन किया जाए। इस मौके पर अन्य अधिकारी मौजूद रहे।