जम्मू। उपराज्यपाल के सलाहकार बसीर खान ने शुक्रवार को कश्मीर के अधिकारियों से लॉकडाउन के दौरान की स्थिति और जरूरी पदार्थों के वर्तमान दर्जे की समीक्षा की। सलाहकार ने इस दौरान मंडलायुक्त कश्मीर को निर्देश दिए कि वह कैंसर मरीजों की सूची जारी करवाएं ताकि इन मरीजों को समय पर दवाई मिलती रहे। उन्होंने कोरोना वायरस के लक्षण वाले मरीजों की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को समय पर मिलती रहे इसकी भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। राशन व अन्य जरूरी पदार्थों की सप्लाई स्थिति भी सुचारु बनाए रखने के लिए कहा। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों ने कश्मीर संभाग में बनी स्थिति का पूरा ब्यौरा पेश किया। बैठक में मंडलायुक्त पीके पोले, पुलिस महानिरीक्षक विजय कुुमार व जिलों के उपायुक्त भी मौजूद रहे।