चौरास शहीदी मेले में स्कूली छात्राएं झांकी निकालते हुए
- फोटो : SHRINAGAR
विकास खंड कीर्तिनगर के चौरास में शहीदी मेला एवं विकास प्रदर्शनी शुरू हो गई है। मेले के उद्घाटन अवसर पर विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं ने झांकियां और परेड निकाली।
बुधवार से चौरास में पांच दिवसीय शहीदी मेला एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर रेनबो पब्लिक स्कूल, मार्शल पब्लिक स्कूल, राजकीय जूनियर हाईस्कूल मंगसू, एंजल हैवन स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज मढ़ी, सरस्वती शिशु मंदिर और सरस्वती विद्या मंदिर आदि विद्यालयों के बच्चों ने राजकीय इंटर कॉलेज मढ़ी से मेला स्थल तक परेड और आकर्षक झांकी निकाली।
मेले के मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर धाम सिंह बिष्ट और शहीद अतुल नेगी के पिता भगवान सिंह नेगी ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। उनके दम पर ही लोग सुरक्षित रहते हैं, लेकिन जो शहीद हुए हैं, उनके सपनों के समाज का निर्माण होना चाहिए। इस अवसर पर मेला संयोजक जयकृष्ण भट्ट, सचिव विनोद चमोली, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उत्तम भंडारी, शैलेश मलासी, कमलेश थपलियाल, केशवानंद बहुगुणा, अनिल बिष्ट और माइकल आदि मौजूद थे।