पुलिस, बीएसएनएल, जल संस्थान, उद्यान विभाग, राजकीय मेडिकल कॉलेज व सिंचाई विभाग सहित शहर के व्यापारी, स्थानीय लोग और नेताओं के नजदीकी लोग बदरीनाथ हाईवे की जमीन घेर कर बैठे हैं। लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की ओर से आरटीआई में दी गई जानकारी से इसका खुलासा हुआ। लोनिवि ने 69 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया है।
आरटीआई कार्यकर्ता कुशलानाथ ने तहसील प्रशासन से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत शहर में अवैध कब्जों और अतिक्रमण हटाने के संबंध में प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी गई थी। इस संबंध में 16 फरवरी को एसडीएम कार्यालय से लोनिवि एनएच डिवीजन को पत्र भेजा गया। इसके जवाब में लोनिवि की ओर से कुशलानाथ को सूचना भेजी गई है। इसमें सरकारी विभागों सहित कई व्यापारी अतिक्रमणकारियों में शामिल हैं। आरटीआई मेें सूचना मिलने के पश्चात कुशलानाथ ने उफल्डा से श्रीकोट तक राजमार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।