पौड़ी। चंदोला राई गांव में मां के साथ जा रही नेपाली मूल की चार साल की बच्ची पर गुलदार ने झपट्टा मारा। शोर मचाने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों ने बच्ची को खतरे से बाहर बताया है। बच्ची के हाथ पर गुलदार के नाखूनों के निशान हैं।
नागदेव रेंज पौड़ी के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन नेगी ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में गस्त कर रही थी कि अचानक घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा वन विभाग लगातार गस्त कर रहा है। दो सप्ताह पहले क्षेत्र के गडोली गांव में भी गुलदार ने 10 वर्ष की एक बच्ची पर हमला किया था। इसके अलावा कुछ दिनों पहले शिक्षा परिसर क्षेत्र में दो गुलदार एक साथ देखे गए थे। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।