नैथाणा में विधायक विनोद कंडारी ने किया स्टेडियम का शिलान्यास
स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा
विकास खंड कीर्तिनगर के चौरास क्षेत्र के नैथाणा में मंगलवार को देवप्रयाग क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी ने स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों सहित श्रीनगर क्षेत्र से पहुंचे लोगों विधायक का स्वागत किया। कहा कि चौरास क्षेत्र में स्टेडियम बनने से यहां के बच्चों को अब खेलने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
विधायक कंडारी ने स्टेडियम का शिलान्यास कर मौके पर मौजूद रेल विकास निगम के उप महाप्रबंधक भूपेंद्र सिंह व नवयुगा कंपनी के जीएम राजेश अरोड़ा को स्टेडियम के निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करवाने को कहा। कहा कि चौरास क्षेत्र में खेल के मैदान की उचित व्यवस्था न होने से युवाओं को दिक्कतें आ रही थी, लेकिन अब यहां के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। इससे पूर्व भी सिल्काखाल के बागसैंण में क्षेत्र के युवाओं के लिए स्टेडियम का निर्माण किया गया है। खेल को बढ़ावा देने के लिए देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इस मौके पर निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी देवी जाखी, निवर्तमान प्रधान आशा भट्ट, सभासद जगतंबा कुमांई, पदमेंद्र पंवार, नरेंद्र कुंवर, रणजीत सिंह जाखी, नरेंद्र भंडारी, देवेंद्र बुटोला, केवल सिंह, दुर्गा भंडारी, किरन सिलवाल व मुकेश लखेड़ा आदि मौजूद थे।