विकासखंड कीर्तिनगर टिहरी जिले की शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता (त्रिपथगा) का चैंपियन बना। कीर्तिनगर ने विभिन्न स्पर्धाओं में 136 अंक हासिल किए। जबकि विकास खंड नरेंद्रनगर 99 अंकों के साथ उपविजेता रहा।
रविवार को त्रिपथगा का विभिन्न स्पर्धाओं और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन संपन्न बालक वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ जीआईसी कीर्तिनगर के अमित लिंगवाल (सीनियर वर्ग) ने जीती। वहीं बालिका वर्ग की 100 और 200 मीटर दौड़ में कीर्तिनगर की मीनाक्षी (सब जूनियर वर्ग) प्रथम स्थान पर रही। 100 मीटर दौड़ में जौनपुर की अंबिका (सीनियर वर्ग) और आरती (जूनियर) ने पहला स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में कीर्तिनगर की मीनाक्षी (सीनियर) और जौनपुर की ऋतु (जूनियर) पहले स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की अंडर 19 आयु वर्ग में चंबा की काजल गुसांई, अंडर 17 में चंबा की शीतल और अंडर 14 में मीनाक्षी व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चैँपियन घोषित हुई। बालक वर्ग की अंडर 19 आयु वर्ग में कीर्तिनगर के अमित लिंगवाल, अंडर 17 में नरेंद्रनगर के अनिल रावत और अंडर 14 में जौनपुर के समीर लाल चैंपियन रहे। प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी एमएल आर्य ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के संयोजक जीआईसी थापली के प्रधानाचार्य चंद्रभानु बिष्ट ने सहयोगियों का आभार जताया। इस अवसर पर श्याम सिंह, सतीश बलोनी, कमलेश थपलियाल, रंजन सिंह, प्रियदर्शन, शमशेर व अवतार नेगी आदि मौजूद थे। संचालन जेएम थपलियाल व आरएस मियां ने संयुक्त रुप से किया।