श्रीनगर। कायाकल्प योजना के अंतर्गत उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर में संभावित पुरस्कार चयन को लेकर नैनीताल से पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने प्री-असेसमेंट के प्रथम चरण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं का आकलन किया गया। टीम के अस्पताल पहुंचने पर सीएमएस डॉ. विमल गुसाईं, डॉ. हेमापाल बुटोला, डॉ. सचिन चौबे और भानू प्रताप कुंवर सहित चिकित्सालय स्टाफ ने स्वागत किया। इसके बाद टीम को ओपीडी, विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थियेटर, जल व विद्युत व्यवस्था, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया गया। नैनीताल से आई कायाकल्प टीम में डॉ. मणिभूषण पंत (टीम लीडर), डॉ. मिथलेश बिष्ट (क्वालिटी हॉस्पिटल प्रबंधक) और संतोष बधानी (क्वालिटी सहायक) शामिल रहे। टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। प्री-असेसमेंट में 70 प्रतिशत से अधिक अंक मिलने पर मार्च माह में स्टेट लेवल टीम द्वारा दूसरा निरीक्षण किया जाएगा। स्टेट स्तर पर चयन होने पर कायाकल्प पुरस्कार के तहत जिला चिकित्सालय को 50 लाख रुपये, उपजिला/सीएचसी को 15 लाख रुपये और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।