पौड़ी। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। डीएम ने प्रतिमाह दिए गए लक्ष्य के सापेक्ष कार्य पूरा न करने पर सहायक अभियंता (एई) जल संस्थान कोटद्वार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कहा कि प्रत्येक माह दिए गए लक्ष्यों को शतप्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन के जो कार्य पूरा हो चुके हैं उन्हें संबंधित अधिकारी पोर्टल पर भी अपलोड करें। कोटद्वार में जल जीवन मिशन के कार्यों की कम प्रगति होने पर डीएम ने जल निगम के अधीक्षण अभियंता को तेजी से कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए। बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 2,764 कार्य हैं जिसमें 2088 कार्य पूरे हो चुके हैं जबकि 676 कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में पीएम स्वजल दीपक रावत, सहायक अभियंता जल संस्थान पौड़ी सोहन सिंह जेठूड़ी, अधीक्षण अभियंता जल निगम मो. मिशम, अधिशासी अभियंता श्रीनगर दीक्षा नौटियाल, कोटद्वार अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद