संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नगर क्षेत्र के कमलेश्वर, बागवान, केदार मोहल्ला, हनुमान मंदिर रोड, गुरुद्वारा रोड, ब्राह्मण मोहल्ला, नागेश्वर गली और अपर बाजार में पिछले एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति अनियमित है। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दलबीर, हरीश पुरी, पितांबर और सुरेश मैठाणी ने बताया कि बीते एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है। शहर में सामान्य रूप से दिन में दो बार पानी आता है लेकिन इन दिनों कभी सुबह पानी आता है तो कभी शाम को सप्लाई बंद हो जाती है। एक समय में आ रहा पानी भी पर्याप्त नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा। वहीं जल संस्थान की कनिष्ठ अभियंता पूजा ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के बाद समस्या ज्यादा बढ़ गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पंप सही तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं जिससे पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली व्यवस्था सामान्य होते ही पानी की आपूर्ति भी जल्द सुचारु कर दी जाएगी। संवाद