उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। संघ ने कहा कि मानक के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर होनी चाहिए लेकिन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग भर्ती परीक्षा में सीधे साक्षात्कार के लिए एक पद पर चार अभ्यर्थी को बुला रहा है। जबकि साक्षात्कार के लिए भी मानक 1 पद के सापेक्ष तीन अभ्यर्थी हैं।
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सचिव जेपी ध्यानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से मुलाकात की। सचिव ध्यानी डाॅ. जितेंद्र ढौंडियाल ने कहा कि नेट पास व पीएचडी धारक बेरोजगार युवा लगातार मानक के अनुसार लिखित परीक्षा (85 प्रतिशत) और साक्षात्कार (15 प्रतिशत) के आधार पर कराने की मांग कर रहे हैं। मगर आयोग असिस्टेंट भर्ती परीक्षा-2021 एपीआई (एकेडमिक परफॉरमेंस इंडेक्स) के आधार पर सीधे 100 अंक के साक्षात्कार करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि 455 पदों पर चल रही भर्ती परीक्षा नियमानुसार होनी चाहिए। संघ ने एई, जेई, पटवारी, पीसीएस-जे, पुलिस आरक्षी भर्तियों की जांच की मांग भी की। साथ ही आयोग की ओर से आयोजित भर्तियों में पकड़े गए नकलचियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कराने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा है। इस दौरान सचिन चौहान, अर्पण नौटियाल, जय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।