श्रीनगर। नगर निगम सभागार में यूपीसीएल, जल संस्थान एवं जल निगम पौड़ी के अधिकारियों के साथ शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर मेयर आरती भंडारी ने बैठक की। इस दौरान नगर निगम के अलग-अलग वार्डों के पार्षदों ने अपनी समस्याओं को रखा। जिस पर मेयर ने अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से पार्षदों ने जर्जर विद्युत पोलों को बदलने, हाईटेंशन लाइनों को अंडरग्राउंड करने, लाइन शिफ्टिंग करने, सीवर लाइन व सीवर के ढक्कनों की मरम्मत करने, शहर भर में टूटी पाइप लाइनों की मरम्मत करने के मुद्दे रखे। मेयर भंडारी ने अधिकारियों को इन मुद्दों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। बैठक के बाद बिलकेदार में विद्युत उप संस्थान निर्माण हेतु यूपीसीएल के अधिकारियों के साथ उन्होंने भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
उन्होंने कहा कि उप संस्थान बनने से बिजली की समस्या से निजात मिलेगी। इस मौके पर पेयजल निगम अपर सहायक अभियंता अनुराग मैठाणी, जल संस्थान श्रीनगर के सहायक अभियंता कृष्णकांत, यूपीसीएल के एसडीओ सचिन सचदेवा, जेई जितेंद्र जी, जेई मयंक बहुगुणा, पार्षद पंकज सती, आशीष नेगी, अंजना रावत, अक्षितेष नैथानी आदि पार्षद मौजूद रहे। संचालन पार्षद संदीप रावत ने किया।