गढ़वाल विवि के दीक्षांत समारोह की तैयारी जोरों पर
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि का दीक्षांत समारोह दिसंबर अंतिम सप्ताह में होना प्रस्तावित है। हालांकि अभी तक इसकी निर्धारित तिथि घोषित नहीं हो पाई है। इसके लिए विवि को समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा मंत्री द्वारा तिथि दिए जाने का इंतजार है, जबकि विवि की ओर से दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। इस बार दीक्षांत समारोह में अंग्रेजों के समय से चले आ रहे गाउन के स्थान पर उपाधि धारकों को पारंपरिक वेशभूषा में डिग्री दिए जाने का विचार किया जा रहा है।
गढ़वाल विवि इस बार दीक्षांत समारोह में सत्र 2023-24 व 2024-25 के उपाधि धारकों को डिग्री प्रदान करेगा। इसके लिए विवि द्वारा गत 18 नवंबर तक पंजीकरण की तिथि रखी गई थी। समारोह में शामिल होकर उपाधि लेने के लिए 453 स्नातकोत्तर छात्रों व 119 पीएचडी छात्रों और 53 गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों ने पंजीकरण कराया है।
गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों की संख्या 100 से ऊपर होने के सापेक्ष कम संख्या में पंजीकरण होने के कारण विवि द्वारा इनके लिए पंजीकरण की तिथि बढ़ाए जाने का विचार किया जा रहा है। साथ ही इस बार के दीक्षांत समारोह में गाउन को स्थान नहीं दिया गया है। गाउन के बदले छात्रों के लिए अलग से वेशभूषा तय की जा रही है। वेशभूषा में टोपी और पटके को भी स्थान दिया गया है। जल्द ही विवि द्वारा इसका निर्धारण भी कर दिया जाएगा। विवि के कुलसचिव प्रो. आरके ढोडी का कहना है कि दीक्षांत समारोह की तैयारी जोरों पर हैं। उन्होंने कहा जल्द ही इसकी तिथि निर्धारित हो जाएगी।