फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pauri News: इंजीनियरिंग के छात्रों को रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया

Tue, 17 Nov 2026 07:08 PM IST
देहरादून ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पौड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
पौड़ी। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (जीबीपीआईईटी) में एलारा कैपिटल ग्रुप के संस्थापक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज भट्ट ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों से संवाद कर उन्हें नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञापन

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में फंड जुटाने, कॉर्पोरेट परामर्श, विलय, अधिग्रहण और पूंजी बाजार के क्षेत्र में कार्य करने वाले भट्ट ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, क्षमता और समय का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में करें। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवनशैली अपनाने और अपने व्यक्तिगत व व्यावसायिक विकास पर केंद्रित रहने का आह्वान किया। निदेशक प्रो. डॉ. वीके बंगा ने कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सकारात्मक जीवनशैली और उद्यमशील सोच का विकास भी जरुरी है। इस मौके पर डॉ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. पवन पंत आदि मौजूद रहे।

पौड़ी में हुई टिबिया फ्रैक्चर की सफल सर्जरी
पौड़ी। उत्तरा केयर अस्पताल में टिबिया (पैर की हड्डी) के फ्रैक्चर से पीड़ित महिला की सफल सर्जरी की गई। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ईशान बुधिराजा ने आधुनिक तकनीक से टिबिया नेलिंग ऑपरेशन कर महिला को राहत दी। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बताया कि बीते 13 नवंबर को पैर की हड्डी में फ्रैक्चर से पीड़ित महिला उपचार के लिए उत्तरा केयर अस्पताल पहुंची थी। आवश्यक जांच के बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया और 15 नवंबर को महिला की टिबिया नेलिंग सर्जरी हुई। ऑपरेशन में इंट्रामेडुलरी नेल तकनीक का इस्तेमाल किया गया। सर्जरी के बाद चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार हुआ।
विज्ञापन


कांग्रेस ने कोट ब्लॉक में चलाया हस्ताक्षर अभियान
पौड़ी। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान जारी है। मंगलवार को कांग्रेस की ओर से कोट ब्लॉक में अभियान चलाया गया। कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और इन मुद्दों पर समर्थन जुटाने के लिए हस्ताक्षर कराए। कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदेशभर में आवाज उठाई जा रही है। जबकि सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी जनता के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जुटाए गए जनसमर्थन को पार्टी नेतृत्व के सामने रखा जाएगा और सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की जाएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, पूर्व आईएएस व नेता सुंदर लाल मुयाल, अरुणा कुमार, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।
-
नवजात के देखभाल की जानकारियां दीं
पौड़ी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित नवजात शिशु सप्ताह के तहत वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जगपांगी ने जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों को नवजात को जन्म के तुरंत बाद जरूरी देखभाल, कंगारू मदर केयर, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव और नवजात में खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान की जानकारियां दीं। सीएमओ डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि शिशु सप्ताह 21 तक आयोजित होगा। जिसमें स्वास्थ्य कर्मी लोगों को संस्थागत प्रसव, स्तनपान के तरीके व महत्व, नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच और उच्च जोखिम वाले नवजात शिशुओं की समयबद्ध पहचान के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। बताया कि पूर्व में सभी स्वास्थ्य केंद्रों के सीएचओ, एएनएम, चिकित्सा अधिकारी और नर्सिंग अधिकारियों को शिशुओं से जुड़ी जानकारियाें का प्रचार प्रसार करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।

हिमालय क्रांति पार्टी ने चुनाव चिह्न लॉन्च किया
पौड़ी। हिमालय क्रांति पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक में चुनाव चिह्न लैपटॉप लॉन्च किया गया।
जिला उपाध्यक्ष व श्रीनगर विधानसभा प्रत्याशी रवींद्र प्रसाद जुयाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन विस्तार के तहत कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में कुलदीप कुमार को पौड़ी नगर, जयपाल सिंह नेगी को खिर्सू ब्लॉक और सूरज सिंह नेगी को पौड़ी ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गईं। प्रदेश महासचिव डॉ. दिनेश सिंह बिष्ट ने पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। संदीप सिंह रावत, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शशिकांत चमोली आदि ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला उपाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद जुयाल ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव लाना है। संचालन जिला महासचिव पपेंद्र सिंह रावत ने किया।
-
लैंटाना के विभिन्न उपयोग से छात्राओं को रूबरू किया
पाबौ। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत आयोजित कार्यक्रम में राबाइंका की छात्राओं को लैंटाना की झाड़ियों के अपशिष्ट के उपयोग और उसके पुनर्चक्रण की संभावनाओं की तकनीकी जानकारियां दी गईं। वन क्षेत्राधिकारी शिव प्रसाद भट्ट ने बताया कि लैंटाना का उपयोग विभिन्न उपयोगी वस्तुओं के निर्माण में किया जा सकता है। बताया कि देहरादून पेट्रोलियम संस्थान में लैंटाना की लकड़ी से फर्नीचर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, वनस्पति अपशिष्ट के प्रबंधन और स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग की व्यावहारिक जानकारियां दीं। छात्रा आरुषि चमोली व आरुषि कठैत ने अधिकारियों से पर्यावरण से जुड़े सवाल पूछे। इस मौके पर वन आरक्षी निकिता, संतोष गौड़ नौटियाल आदि मौजूद रहे।
-
बैकुंठ चतुर्दशी मेले में रात दस बजे साउंड सिस्टम बंद करने की मांग उठाई
पौड़ी। श्रीनगर के आवास विकास मैदान में प्रस्तावित बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर स्थानीय लोगों की अभी से चिंताएं बढ़ने लगी हैं। लोगों ने मेले के दौरान सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण, पार्किंग और शांति व्यवस्था बनाने रखने की मांग को लेकर डीएम स्वाति एस भदौरिया से मुलाकात की। वार्ड -29 स्थित अपर भक्तियाना के निवासी व अधिवक्ता सूरज किमोठी ने डीएम को बताया कि आवास विकास मैदान के चारों ओर आवासीय भवन हैं। ऐसे में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान तेज आवाज में बजने वाला साउंड सिस्टम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। बताया कि बीते साल मेले में साउंड सिस्टम की आवाज से आसपास के घरों में कंपन महसूस होने लगा था। देर रात तक साउंड बजने से लोगों को में अवसाद की स्थिति बन गई थी। उन्होंने डीएम से ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करावाने और रात दस बजे तक साउंड सिस्टम बंद करने, पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने और मेला पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग उठाई।
विज्ञापन

-
मुकेश
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें