पौड़ी। जनपद के सभी 15 विकासखंडों में नई शिक्षा नीति -2020 के तहत भारतीय भाषा समर कैंप शुरू हो गए हैं। सभी विकासखंडों में कुल 38 भाषा समर कैंप केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 3308 छात्र- छात्राएं कन्नड़, पंजाबी और संस्कृत आदि भाषाओं का ज्ञान लेंगे।
एससीईआरटी के दिशा निर्देशों पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के तहत आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप सात दिनाें तक संचालित होगा। जिसमें रंगमंच, लोकगीत, लोकनृत्य आदि विधाओं से छात्रों को रूबरू कराया जाएगा। डाइट के शिक्षा विद विनय किमोठी, विमल ममगाईं व डॉ. हरिशंकर डिमरी ने बताया कि समर कैंप जनपद के सभी विकासखंडों के करीब 58 विद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें 177 शिक्षकों को कैंप में छात्रों को भाषाई ज्ञान सिखाने के लिए नामित किया गया है। छात्रों की रुचि के मुताबिक शिक्षक उन्हें कन्नड़, पंजाबी, संस्कृत, गढ़वाली, कुमाउंनी, जौनसारी आदि भाषाओं की बारीकियां सिखा रहे हैं। डायट प्रार्चाय स्वराज सिंह तोमर ने बताया कि समर कैंप 2 जून तक आयोजित होगा। कैंप में प्रत्येक दिन चार घंटे तक बच्चों को चयनित भाषाओं की जानकारी दी जाएगी। बताया कि 28 विद्यालयों में बच्चों की इच्छा के अनुरूप संस्कृत सिखाई जा रही है। जबकि जीआईसी पाबौ व जीजीआईसी पाबौ के साथ ही जीआईसी श्रीनगर, जीजीआईसी श्रीनगर व जूनियर हाईस्कूल श्रीनगर में छात्रों को कन्नड़ भाषा की बारीकियां सिखाई जा रही हैं।