पौड़ी। पहाड़ों में ठंड बढ़ने के साथ ही लोग बीमार पड़ने लगे हैं। इन दिनों सर्दी, खांसी और सीने में जकड़न बीमारियों से ग्रसित होकर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीने से कई लोग डायरिया के चपेट में आ रहे हैं।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी 250 के पार रही। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीज चिकित्सकों के कक्षों के बाहर उपचार के लिए खड़े रहे। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि ठंड से बच्चे, महिलाएं व बुजुर्गों में खांसी, जुकाम के साथ ही सीने में जकड़न की समस्या आम हो गई है। पीड़ितों को नेब्यूलाइजर किया जा रहा है। शरीर में पर्याप्त मात्रा में पानी की कमी होने से भी लोग इन दिनों डायरिया से पीड़ित हो रहे हैं। रोज दो से तीन मरीज डायरिया के अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों को ठंड से बचने, नियमित रूप से पानी पीने और पोषणयुक्त आहार लेने की सलाह दी है।