श्रीनगर। वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी की त्याग तपस्या और बलिदान की भूमि रही विकास खंड कीर्तिनगर के मलेथा में शनिवार को ईगास पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया।
विधायक विनोद कंडारी ने मलेथा सहित क्षेत्रों के गांवों से पहुंचे लोगों के साथ भैलो खेला। उन्होंने माधो सिंह भंडारी के त्याग, समर्पण और वीरता को याद कर उनके जीवन के प्रेरणा प्रसंगों के बारे में बताया। इस मौके पर मलेथा, जाखणी, सुपाणा, थापली चौरास आदि गांवों से पहुंची कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुतियां आकर्षण रहीं। कीर्तन मंडलियों द्वारा माधो सिंह भंडारी के जीवन से जुड़े पारंपरिक गीत गाए गए। कार्यक्रम के अंत में भैलो खेलने के साथ ही लोगों ने दाल की पकौड़ियों का स्वाद चखा। इस मौके पर ब्लाॅक प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मैठाणी, पूर्व अध्यक्ष कैलाशी जाखी, नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग ममता देवी, नरेंद्र कुंवर, अशोक तिवाड़ी, सोहन लाल खंडेवाल, शूरवीर सिंह बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख जगत नारायण रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
वहीं श्रीनगर में भागीरथी कला संगम द्वारा रामलीला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ ही भैलो खेलकर पारंपरिक उत्साह के साथ ईगास का पर्व मनाया गया। इस मौके पर माधो सिंह भंडारी नृत्य नाटिका का मंचन और महिलाओं द्वारा चौफला और झूमेलो की धूम रही। अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल, दीपक उनियाल,मुकेश नौटियाल, विजय रावल आदि मौजूद रहे।
नागेश्वर सेवा दल व फूलदेई समिति की ओर से लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में ईगास पर्व पर ढोल दमांऊ की थाप पर भैलो कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर महंत नितिन पुरी, महंत महेश गिरी, अनूप बहुगुणा, जितेंद्र रावत आदि मौजूद रहे। संवाद