संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भालू की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने जागरूकता अभियान और एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने जंगली जानवर दिखाई देने पर टोल फ्री नंबर 1926 पर सूचना देने को कहा है
डीएफओ गढ़वाल अभिमन्यु सिंह ने बताया कि भालू की सक्रियता पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने लोगों से अपने घर आंगन के आसपास झाड़ियों को कटान कर खुला क्षेत्र बनाने, काम पर जाने के लिए समूह में चलने और बच्चों को अकेला न छोड़ने और खाद्य पदार्थों के कचरे को खुले में न फेंकने की अपील की है।
बताया कि भालू एवं अन्य वन्यजीवों से संघर्ष रोकने के लिए विभाग विभिन्न माध्यमों से भी लोगों को जागरूक कर रहा है। डीएफओ ने किसी क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई देने पर टोल फ्री नंबर 1926 पर सूचना देने को कहा है। उन्होंने लोगों से भ्रांतियां न फैलाने और वन विभाग का सहयोग करने की भी अपील की है।