पाबौ। सीएचसी पाबौ की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं पर कांग्रेस ने आक्रोश जताया। कहा कि 100 से अधिक गांवों की लाइफ लाइन पाबौ अस्पताल को खुद उपचार की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश सरकार को 15 दिनों के भीतर पाबौ अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं अपडेट करने की मांग की है।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव मनोज रावत ने बताया कि पीपीपी मोड से हटने के बाद पाबौ में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई हैं। सरकारी तंत्र के हाथों में आने के बाद पाबौ अस्पताल में न तो चिकित्सक हैं और न ही पैरामेडिकल स्टाफ। ऐसे में ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि पाबौ अस्पताल में चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के करीब 50 फीसदी पद रिक्त चल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार को 15 दिनों के भीतर अस्पताल की सेहत सुधारने की मांग उठाई है।
चेतावनी दी कि मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। इस मौके पर कांग्रेस के पाबौ ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर रावत, सचिन, प्रवीन कोठियाल आदि शामिल रहे। वहीं सीएमओ डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि मार्च तक बांड धारी चिकित्सक प्रदेश को मिलने जा रहे हैं। जिससे जनपद के विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सकों को तैनात किया जाएगा।