दहेज हत्या के मामले में 17 साल से फरार चल रहे मृतका के पति, सास व देवर को थाना हिंडोलाखाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नई टिहरी की अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर तीनों आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया है।
थाना क्षेत्र हिंडोलाखाल के पुजार गांव की एक विवाहिता को पति, सास, देवर दहेज लाने के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। इससे तंग आकर विवाहिता ने वर्ष 2003 में खुल को आग लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर मृतका के पति, सास व देवर के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने, क्रूरता करने, गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था लेकिन तीनों आरोपी वर्ष 2006 में जमानत मिलने के बाद से ही फरार चल रहे थे।
ये भी पढ़ें...दर्द, चीखें और मदद की पुकार: केदारनाथ आपदा की याद दिला गया गौरीकुंड हादसा, मौत के मुहाने पर खड़े आज भी कई गांव
अदालत ने आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। थाना हिंडोलाखाल पुलिस टीम ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह दबिश दी और तीनों आरोपी अब 17 साल बाद गिरफ्त में आ गए। थाना प्रभारी हिंडोलाखाल संजीव थपलियाल ने बताया कि विवाहिता के पति दिनेश लाल, सास फूरी देवी व देवर रमेश लाल को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नई टिहरी की अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर तीनों आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया है।