मलेथा में युवती को शिकार बनाने वाला गुलदार घटना के दो दिन बाद आदमखोर घोषित कर दिया गया। गुलदार को मारने के लिए शूटर जॉय हुकिल मलेथा पहुंच गए हैं। वहीं, गुलदार ने मलेथा से करीब पांच किलोमीटर दूर बडोला गांव में रविवार रात्रि घर के अंदर सोयी एक महिला पर हमला करने की कोशिश की। महिला और उसकी बेटी के शोर मचाने पर गुलदार भागा।
कीर्तिनगर तहसील के मलेथा गांव में बदरीनाथ हाईवे से सटे घर के बरामदे में सो रही 35 वर्षीय दुर्गा को 7 अगस्त की रात गुलदार ने मार डाला था। इस घटना के बाद वन विभाग ने उक्त स्थान में पिंजड़ा लगा दिया है, लेकिन गुलदार उसके आसपास नहीं फटका। वन विभाग के स्थानीय अधिकारियों की ओर से शनिवार को प्रमुख वन्य जीव संरक्षक से गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की अनुमति मांगी गई थी। जो सोमवार को मिल गई। रेंजर अखिलेश भट्ट ने बताया कि गुलदार को मारने के लिए शूटर जॉय हुकिल तैनात किए गए हैं। ब्यूरो