जनपद में लघु उद्यम, हथकरघा और हस्तशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और कारीगरों का पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। सीडीओ अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित चयन प्रक्रिया में उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार, उपयोगिता और विशिष्टता के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया।
हथकरघा श्रेणी में प्राप्त दो आवेदनों में अनीता देवी को शॉल और स्टॉल उत्पादों के लिए प्रथम, जबकि सूमा देवी को द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया। हस्तशिल्प श्रेणी में तीन आवेदनों में से बांस और रिंगाल से उत्पाद बनाने वाले पवन को प्रथम व वॉल हैंगिंग और मिरर फ्रेम तैयार करने वाली भारती नेगी को द्वितीय स्थान मिला।
वहीं, लघु उद्यम श्रेणी में प्राप्त चार आवेदनों में सिगड्डी, कोटद्वार स्थित जीवन ऑर्गेनिक्स को केश सुंदरा हेयर ऑयल और महाबल बाम आदि उत्पादों के लिए प्रथम स्थान के लिए चुना गया। जबकि मैसर्स रियल लैब बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, सिगड्डी को फार्मा उत्पादों के निर्माण के लिए द्वितीय स्थान के लिए चयनित किया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य आदि मौजूद रहे।