श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के एक्टिविटी सेंटर में बृहस्पतिवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 250 से अधिक छात्रों एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई। इससे पूर्व बिड़ला परिसर निदेशक प्रो. हरभजन सिंह चौहान, विवि अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं ने शिविर का शुभारंभ किया।
कोलकाता हार्ट क्लीनिक एंड हेल्थ हॉस्पिटल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण मंडल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शैफाली राय, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उन्नति और फिजिशियन डॉ. राजकुमार एवं विवि स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशान्त मैठाणी ने शिविर में छात्रों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यकतानुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराईं। फार्मासिस्ट रविन्द्र कुमार और विजेता सेमवाल, मुकेश सेमवाल, रेशमा ने शिविर आयोजन में विशेष सहयोग किया। बिड़ला परिसर निदेशक प्रो. हरभजन चौहान और डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसाईं ने कहा कि ऐसे शिविर छात्रों, कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को दूर करने में सहायक होते हैं। डाॅ. प्रशांत मैठाणी ने विवि परिवार की ओर से शिविर में पहुंचे चिकित्सकों एवं अन्य कर्मियों का आभार व्यक्त किया।