शुक्रवार को दिनभर एक गुलदार श्रीकोट में आवासीय मकान के बगीचे में छिपा रहा। जब तक वन विभाग की टीम आई तब तक वह भाग निकला। लोगों ने वन विभाग की लेटलतीफी पर नाराजगी जताई।
शुक्रवार सुबह पांच बजे गुलदार श्रीकोट (वार्ड-2) में वेडिंग प्वाइंट के बगल में स्थित एक आवासीय मकान के बगीचे में घुस गया। यहां एक बिल्ली का शिकार करने के बाद वह चला गया। दोपहर लगभग 12 बजे वह दोबारा उसी स्थान पर आया लेकिन हल्ला मचने पर वह बगीचे में झाड़ियों में रखे सामान के नीचे दुबक गया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। गुलदार के जाने के बाद श्रीकोट चौकी इंचार्ज एलएस कुंवर और बारु दत्त शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
सभासद विभोर बहुगुणा ने बताया कि गुलदार के छिपे होने की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई थी लेेकिन टीम पहुुंची नहीं। लोग टीम का इंतजार करते रहे। शाम लगभग चार बजे गुलदार झाड़ियों से निकलता हुआ घर के आंगन के रास्ते बदरीनाथ हाईवे की ओर भाग निकला। यहां वह एक कार से टकरा गया। इसके बाद गुलदार नदी की ओर चला गया। वन क्षेत्राधिकारी अनिल रावत ने बताया कि बड़ेथ गांव की घटना की वजह से टीम और वाहन चाकीसैंण भेजी गए हैं। पौड़ी और खिर्सू से टीम एकत्रित कर भेजी गई। इस वजह से देरी हो गई।