श्रीनगर। टिहरी जिले की ग्राम पंचायत टकोली के लुसियाल तोक में एक दुकान में घुसे गुलदार को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। गुलदार 24 घंटे से अधिक समय तक दुकान के अंदर कैद रहा। इस दौरान क्षेत्र में दशहत का माहौल बना रहा। हालांकि प्रभागीय वनाधिकारी डीएस मीणा का कहना है कि रेस्क्यू उपकरणों का इंतजाम करने में समय लगा। शुक्रवार को अंधेरा होने पर गुलदार को कैद करने का अभियान शुरू नहीं किया जा सका, लेकिन इस दौरान गुलदार पर निगरानी बनाए रखी गई।
कीर्तिनगर तहसील की ग्राम पंचायत टकोली में लुसियाल तोक में पैंडूला बैंड-मैंखडी सड़क से सटी एक दुकान है। बताया जा रहा है कि यह दुकान बंद रहती है। इसको घर के सामान रखने के लिए प्रयोग किया जाता है। शुक्रवार सुबह किसी समय गुलदार दुकान के पीछे छज्जे मेें जाकर लेट गया।
सुबह लगभग 10 बजे जब दुकान की मालिक जानकी देवी ने सफाई के लिए शटर खोला तो दुकान के छज्जे में गुलदार देखकर वह सहम गईं। हिम्मत करके वह शटर बंद करके बाहर आ गईं, लेकिन पीछे का दरवाजा खुला रह गया।
लोगों को जब इसका पता चला तो उन्होंने दुकान की छत में चढ़कर हल्ला मचाया ताकि गुलदार भाग जाए, लेकिन वह कमजोरी की वजह से हिल नहीं पाया। बाद में वह दरवाजे के रास्ते दुकान के अंदर घुस गया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेंजर माणिक नाथ देवेंद्र पुंडीर और रेंजर कीर्तिनगर अखिलेश भट्ट ने बताया कि शुक्रवार से टीम गुलदार पर नजर रखे हुए थी। शनिवार दोपहर बाद गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया गया। पकड़ा गया नर गुलदार लगभग पांच साल का है। उपचार के बाद वह स्वस्थ हो गया।