श्रीनगर। एलयूसीसी धोखाधड़ी के विरोध में पीपलचौरी में चल रहे महिलाओं के धरना प्रदर्शन के 10वें दिन कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल धरना स्थल पर पहुंचे। एलयूसीसी में निवेश करने वाली महिलाओं ने कहा कि उनकी जमा पूंजी ठगी गई है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य की भोली-भाली महिलाएं व अन्य लोग बड़ी संख्या में एलयूसीसी सहकारी समिति की ठगी का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत निवेशकों को राहत दिलाने के बजाय झूठ बोलकर अपना पल्ला झाड़ना चाहते हैं। कहा कि मंत्री डॉ. रावत ने पहले तो कहा कि कंपनी रजिस्टर नहीं है फिर उन्होंने जनवरी 2017 में कंपनी के रजिस्ट्रेशन की बात कही और अब उन्होंने 2022 में कंपनी के खिलाफ भारत सरकार को अवगत कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस मामले सहित सहकारिता में हुए घोटालों की जांच नहीं कराते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना देने को मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, मीना रावत, वीरेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र चौहान, पार्षद सूरज नेगी, सुधांशु नौडियाल, लाल सिंह नेगी, आंचल राणा, भगत डागर, लाल सिंह, दीपक सजवाण, निशांत प्रताप कंडारी आदि मौजूद रहे।