पाबौ। जनपद पौड़ी के विकासखंड पाबौ के बुरांशी व सकलाना मल्ला गांव में वायरल फीवर की चपेट में आने से 40 लोग बीमार हो गए। बीते दिनों बुखार, जुकाम व खांसी से 36 से अधिक ग्रामीण पीड़ित मिले। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज रावत की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित गांव में जिला मुख्यालय पौड़ी से टीम भेजकर लोगों की जांच की। चिकित्सा अधिकारी पाबौ डॉ. पंकज सिंह बताया कि बड़ा बुरांशी व सकलाना मल्ला गांव में बुखार, खांसी व जुकाम होने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिली। उन्होंने कहा कि कैंप में 90 लोगों की जांच की गई। जबकि इस दौरान 40 लोग बुखार खांसी जुकाम से पीड़ित पाए गए। उन्होंने बताया कि पीड़ितों को जांच के बाद निशुल्क दवा उपलब्ध कराई गई है।