जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के कुलसचिव संदीप कुमार को शासन ने पद से हटा दिया है। उन्हें नन्ही परी सीमांत इंजीनियरिंग कालेज पिथौरागढ़ से संबद्ध किया गया है। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने आदेश जारी करते हुए डीएम पौड़ी को जल्द संस्थान में प्रभारी कुलसचिव की नियुक्ति के निर्देश दिए हैं।
संदीप कुमार को तत्कालीन प्राचार्य डा. एमएल देवल ने जनवरी 2006 में बिना पद की स्वीकृति के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (टीपीओ) के पद पर नियुक्ति प्रदान की थी। इस पद को शासन ने 2008 में स्वीकृति दी थी। संदीप कुमार को अगस्त 2016 में जीबी पंत संस्थान घुड़दौड़ी में प्रभारी कुलसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद दिसंबर 2016 में जिम्मेदारी वापस ले ली गई। उनके स्थान पर डा. आशुतोष गुप्ता को प्रभारी कुलसचिव बनाया गया, लेकिन दो सप्ताह बाद संदीप कुमार को दोबारा प्रभारी कुलसचिव बना दिया गया। इसके बाद वर्ष 2017 में क्षेत्रीय युवाओं ने मैस के ठेके के आवंटन, आउटसोर्स कर्मियों के पीएफ व ईएसआई फंड गबन, नियुक्तियों में गड़बड़ी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन किया। इस पर तत्कालीन जिलाधिकारी सुशील कुमार ने नंवबर 2017 में संदीप कुमार को प्रभारी कुलसचिव पद से हटा दिया था। इसके बाद डा. संजीव नैथानी को प्रभारी कुलसचिव बनाया गया था। संदीप कुमार की जून 2018 में कुलसचिव के पद पर नियुक्ति हुई थी। लेकिन बीओजी ने तैनाती पर रोक लगा दी थी। एक दिसंबर 2019 को संदीप कुमार ने संस्थान के नियमित कुलसचिव के पद पर ज्वाइनिंग ली थी। संस्थान को पांच साल में नियमित कुलसचिव मिला था। इस बीच कई बार संस्थान में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, नियुक्तियों में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय ग्रामीणों व संयुक्त कर्मचारी संगठन ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों ने 18 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुलाकात कर संस्थान प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। क्षेत्रीय क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष देवेंद्र रावत ने संस्थान में हो रही अनियमितताओं की न्यायालय के अधीन एसआईटी जांच की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह रावत व संयुक्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष भरत सिंह रावत ने कुलसचिव को पद से हटाए जाने को क्षेत्रीय जनता की जीत करार दिया है।
--------
कई दिनों से चर्चा में था संस्थान
पौड़ी। संस्थान के कुलसचिव ने प्रभारी निदेशक को जानकारी दिए बिना दो अगस्त को पीआरडी के माध्यम से सेवारत 188 कर्मचारियों को हटाने का आदेश जारी किया था। प्रभारी निदेशक व डीएम के निर्देश के बाद कुलसचिव ने चार अगस्त को सभी कर्मचारियों का अनुबंध छह माह के लिए बढ़ा दिया था। इसके बाद संयुक्त कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष व कुलसचिव ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
--------
निदेशक व कुलसचिव विहीन हुआ जीबी पंत संस्थान घुड़दौड़ी
पौड़ी। जीबी पंत संस्थान घुड़दौड़ी अब निदेशक व कुलसचिव विहीन हो गया है। दोनों पदों पर अब प्रभारी जिम्मेदारी संभालेंगे। शासन ने जनवरी 2021 को संस्थान के प्रभारी निदेशक को पद से हटाते हुए जिलाधिकारी को प्रभार सौंपा था। अब कुलसचिव को भी पद से हटा दिया गया है।
-------
शासन ने संस्थान के कुलसचिव को पद से हटा इंजीनियरिंग कालेज पिथौरागढ़ संबंद्ध किया है। संस्थान में जल्द ही प्रभारी कुलसचिव की नियुक्ति की जाएगी। -विजय कुमार जोगदंडे, प्रभारी निदेशक व डीएम पौड़ी।