श्रीनगर। छोटी दीपावली पर शहर में आतिशबाजी की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ गई है। जीआईटीआई मैदान में दो-तीन दिन पहले ही पटाखों की दुकानें सज गई थीं। अब छोटी दीपावली के मौके पर यहां खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। पिछले कुछ वर्षों से आतिशबाजी की बिक्री के लिए जीआईटीआई मैदान को निर्धारित किया जा रहा है। घनी आबादी और संकरी सड़कों वाले बाजार क्षेत्र में पटाखों की दुकानों से आगजनी और हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में बाजार से दूर खुले मैदान में दुकानें लगाने की व्यवस्था की गई है। छोटी दीपावली के साथ ही आतिशबाजी की खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद है। मैदान में दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार के पटाखे सजाए हैं। संवाद
वहीं, जीआईटीआई मैदान में आतिशबाजी की दुकानें लगाए जाने के लिए स्थान आवंटन किया गया है लेकिन कई लोगों की शिकायतें हैं कि बाजार में कुछ अन्य स्थानों पर भी पटाखे की दुकानें सजाई गई हैं। एसएसआई पंकज तिवारी ने कहा कि निर्धारित स्थान के अलावा यदि कहीं और पटाखे की दुकानें लगी पाई गई तो चालान किया जाएगा। संवाद