थलीसैंण। राठ महाविद्यालय पैठाणी में आयोजित अंतर महाविद्यालय फुटबाल प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल में बिड़ला कैंपस श्रीनगर की टीम ने राठ महाविद्यालय पैठाणी को पेनल्टी शूट-आउट में कड़े संघर्ष के बाद 3–2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इससे पूर्व निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1–1 की बराबरी पर रहीं। साथ ही गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की टीम को नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के लिए फगवाड़ा (पंजाब) भेजा जाएगा।
बृहस्पतिवार को फुटबाल प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि गढ़वाल केंद्रीय विवि के खेल निदेशक प्रो. जेपी मेहता ने कहा कि सुदूर ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाना अत्यंत सराहनीय पहल है, जिससे क्षेत्र की छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस दौरान प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीम को मेडल, प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहायक खेल निदेशक मोहित सिंह बिष्ट, राठ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार नेगी, क्रीड़ा सचिव डॉ. मंजीत भंडारी, डॉ. गोपेश सिंह, डॉ. राम सिंह, डॉ. राज कुमार पॉल, डॉ. वीरेंद्र चंद, डॉ. श्याम मोहन सिंह, डॉ. देव कृष्ण, वीरेंद्र बिष्ट, वंदना डोभाल आदि मौजूद रहे।