श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के जीआईसी पीपलीधार डागर में अध्यापकों की कमी से छात्र-छात्राओं को जूझना पड़ रहा है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की गुहार के बाद भी व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिए जाने पर अभिभावकों में आक्रोश है।
पूर्व प्रधान असाड़ी देवी ने बताया कि विद्यालय में 190 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं लेकिन वर्षों से रिक्त पदों पर अध्यापकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य की बुरी दशा है। विद्यालयों में शिक्षकों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। असाड़ी देवी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए विभाग के उच्च अधिकारियों और अपर सचिव शिक्षा से भी मुलाकात कर गुहार लगाई गई लेकिन समस्या जस की तस बनी है।
वहीं दूसरी ओर खंड शिक्षाधिकारी कीर्तिनगर डॉ. वायएस नेगी ने बताया कि कुछ पदों पर अतिथि शिक्षक नियुक्त किए गए हैं जो पद रिक्त है उन पर नियुक्ति होने तक रोटेशन के माध्यम से शिक्षक भेजे जाएंगे।