पौड़ी। श्रीगुरु रामराय पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। छात्र छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊनी, जौनसरी, हिंदी, पंजाबी गीतों पर कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर सीबीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया गया।
संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक मुकेश कोली ने किया। उन्होंने पठन-पाठन के साथ इस तरह के कार्यक्रमों को छात्रहित में जरूरी बताया। इसके बाद छात्रों ने गढ़वाली भजन दैणा हुइयां खोली का गणेशा हे... और गढ़वाली जागर हे बाबा कंडोलिया... पर जागर नृत्य प्रस्तुत किया। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों ने हिंदी गीत लुक छिप न जाओ जी... पर शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य मुकेश चंद्र पोखरियाल, भाजपा नगर अध्यक्ष शैलेंद्र नौटियाल, सांसद प्रतिनिधि विपिन कैंथोला, धनीराम, बबीता रावत, राजेंद्र थपलियाल और कमल बिष्ट आदि शामिल रहे। संवाद