पौड़ी। कोट ब्लाक में आयोजित ब्लाक स्तरीय युवा महोत्सव में महिला मंगल दलों ने लोकगीत, लोक नृत्य और एकांकी प्रस्तुत कर संस्कृति के कई रंग बिखेरे। महोत्सव में लोकनृत्य में कोट, लोकगीत में फलस्वाड़ी व एकांकी में रखूण ने बाजी मारी।
इस मौके पर हुई लोकनृत्य प्रतियोगिता में महिला मंगल दल कोट प्रथम, रखूण द्वितीय व खोला तृतीय रहा। लोकगीत में महिला मंगल दल फलस्वाड़ी प्रथम, कठूड़ द्वितीय, तोणख्या तृतीय रहा। एकांकी में महिला मंगल दल रखूण प्रथम, स्यालंगी द्वितीय, कोटसाड़ा तृतीय रहा। इस मौके पर बीडीओ डीपी रतूड़ी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी जेपी भट्ट, बीईओ राम बचन राम आदि मौजूद थे। निर्णायक जीआईसी कोट के प्रवक्ता अमित काला, सुभाष कुमार, रानी जोशी थे जबकि कोतवाल सिंह हारमोनियम पर जय सिंह ने तबले का संचालन किया।
ब्लाक सभागार में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में युवक मंगल दलों की ओर से प्रतिभाग न किए जाने पर चिंता जताई। कहा कि नवंबर माह के दूसरे और तीसरे सप्ताह में ब्लाक स्तर पर एक बार फिर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवक मंगल दल को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।