पौड़ी। जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों सहित कुल पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें कल्जीखाल ब्लॉक के दो गांवों के चार लोग और एक पाबौ ब्लॉक का व्यक्ति शामिल है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कल्जीखाल ब्लॉक के दो गांवों नौली और बिष्ट बूंगा को सील कर दिया है। संक्रमितों के परिजनों और संपर्क में आने वालों को भी आईसोलेट किया गया है।
जानकारी के मुताबिक बिष्ट बूंगा गांव में एक परिवार के चार लोग बीती एक जुलाई को गाजियाबाद से गांव लौटे थे। प्रशासन ने सभी को होम क्वारंटीन कर दिया। अब परिवार में पति, पत्नी और बेटी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बेटे की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं, नौली बूंगा गांव में एक परिवार नजफगढ़ से बीती चार जुलाई को गांव लौटा था।
प्रशासन ने परिवार को होम क्वारंटीन किया। रिपोर्ट में परिवार का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। प्रशासन ने चारों कोरोना पॉजिटिव, उनके परिजनों और संपर्क में आए लोगों को कोविड केयर सेंटर डोभ-श्रीकोट में आइसोलेट कर लिया गया। दिल्ली संगम विहार से भी एक परिवार चार जुलाई को गांव लौटा था। परिवार को गांव के पास एक स्कूल में संस्थागत क्वारंटीन किया गया। लेकिन परिवार के एक व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखने पर पहले से कोविड केयर सेंटर डोभ-श्रीकोट और उसके बाद में बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती किया गया।
जांच के बाद व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। एसडीएम सदर श्याम सिंह राणा ने बताया कि पूरे गांव को सैनिटाइज किया गया है। दोनों गांवों में स्क्रीनिंग और रेंडम सैंपलिंग की जा रही है।