मंडल मुख्यालय में दो दिन पहले शिक्षा अधिकारियों के आवासों के ताले टूटने के बाद बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एसडीएम समेत पांच अफसरों के आवासों को निशाना बना दिया। हालांकि आवासों से किसी प्रकार का सामान चोरी होने की सूचना नहीं। दोनों घटनाओं में अधिकारियों के ही आवासों को निशाना बनाकर बदमाशों ने पुलिस को कड़ी चुनौती दी है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच अधिकारियों की कालोनी टाइप तीन में एसडीएम थलीसैंण, अपर आयुक्त ग्राम विकास, उपायुक्त, आयुर्वेदिक डॉक्टर, और सहायक रेडियो अधिकारी के आवासों के ताले तोड़ दिए गए। घटना के दौरान कोई भी अधिकारी या उनके पारिवारिक सदस्य घर पर नहीं थे।
चोरों ने एक ही समय में पांच घरों को निशाना बनाया। हैरत की बात तो यह है कि मंडल मुख्यालय पर शनिवार दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना एक दिन बाद यानी रविवार को मीडिया तक पहुंच पाई। पुलिस में इस मामले में न कोई तहरीर दी गई और न ही कोई मुकदमा दर्ज कराया गया है। अधिकारी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
एसडीएम थैलीसैंण कमलेश मेहता का भी कहना है कि उनका तबादला थलीसैंण हो चुका था, इसलिए आवास में उनका सामान नहीं था। हालांकि आवास अभी भी उनके नाम पर आवंटित है।
एक संदिग्ध की हुई पहचान
पौड़ी। थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर केएस भट्ट ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से एक संदिग्ध की पहचान हो चुकी है। हालांकि उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही इस मामले का खुलासा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि ताले टूटने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस लाइन से अतिरिक्त फोर्स मांगी गई है। इसके अलावा सिविल वर्दी में भी पुलिसकर्मी चोरों की तलाश में जुटे हुए हैं।
दो दिन पहले टूटे थे शिक्षा अधिकारियों के आवासों के ताले
पौड़ी। बृहस्पतिवार रात को बदमाशों ने शिक्षा विभाग के अपर निदेशक (प्राइमरी), अपर निदेशक (माध्यमिक) और विधि अधिकारी के आवासों को निशाना बनाया था। चोरों ने अधिकारियों के आवासों की आलमारी को खंगाला था लेकिन कोई सामान चोरी नहीं गया था। बताया गया है कि अशासकीय विद्यालयों के गड़बड़झाले की जांच अपर निदेशक प्राइमरी व माध्यमिक कर रहे हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रहा है कि कहीं चोर इन्हीं फाइलों को ढूंढने तो नहीं आए थे।
ताले टूटे हैं, हर एंगल से होगी जांच
जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि मंडल मुख्यालय में अधिकारियों के आवासों के ताले टूटे हैं, यह बड़ी घटना है। पुलिस को हर एंगल से इस घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।